दतिया। दतिया जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर है। वह अपने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को काटकर गुड़ क्रेशरों पर दे सकेंगे। सेंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने सोमवार को कलेक्टर रोहित सिंह की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई आपदा प्रबंधन की बैठक में गन्ना उत्पादक किसानों व गन्नाा पिराई के लिए गोराघाट सर्किल में संचालित गुड़ क्रेशरों से जुड़े मुद्दे को उठाया। बैठक में कलेक्टर द्वारा समाजसेवियों और जन प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए थे। इस पर सेंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने तीन महत्वपूर्ण सुझाव जिला प्रशासन को दिए। बैठक में एसपी अमन सिंह राठौड़, एडीएम विवेक रघुवंशी सहित समाजसेवी मौजूद रहे। बैठक के दौरान उन्होंने कहा, कि राजस्व अमले ने 2 दिन पहले गुड़ क्रेशरों पर गन्नो की पिराई बंद करा दी है। इससे गन्नाा किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित हैं। शासन ने कृषि गतिविधियां चालू रखने के निर्देश है।ं गेहूं की कटाई चल रही है तो गन्नो की कटाई पिराई नहीं रोकी जाए। विधायक घनश्याम सिंह के सुझाव से कलेक्टर ने सहमती जताते हुए गुड़ क्रेशरों पर गन्नो की पिराई जारी रखने को कहा। वहीं दूसरा सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में छूट मिलने की स्थिति में शासन जिले के संबंध में राय मांगे तो जिले में आर्थिक गतिविधियों को शुरू कराने खासकर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने के लिए प्रस्ताव भेजें। जैसे ग्राम पंचायतों में गौशालाएं, मनरेगा के कार्य, सीसी रोड, सहित अन्य निर्माण कार्य शुरू किए जाएं। इससे स्थानीय स्तर पर मजदूरों को रोजगार मिल सके।
सेंवढ़ा के लिए एक एंबुलेंस स्वीकृत
सीएमएचओ ने बताया कि पीपीई किट जिला अस्पताल में उपलब्ध है। इनका उपयोग कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने पर उसके उपचार के समय डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ द्वारा किया जाएगा। सेंवढ़ा और इंदरगढ़ के अस्पतालों के लिए पीपीई किट जल्द भिजवा दी जाएंगी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले को प्राप्त हुई 108 एंबुलेंस में से 1 एंबुलेंस विधायक घनश्याम सिंह की मांग पर कलेक्टर रोहित सिंह ने सेंवढ़ा के लिए स्वीकृत की।